भास्कर न्यूज | राजनांदगांव बैंगलुरू में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही जूनियर इंडिया कोर टीम में शामिल प्रदेश की अनिशा साहू का चयन ऑस्ट्रेलिया की इंडियन जूनियर वोमेन्स स्क्वाड फ़ॉर ऑस्ट्रेलिया टूर में हुआ। यह टूर आने वाले समय में आयोजित जूनियर महिला वर्ल्ड कप 2025 की तैयारियों को लेकर किया जा रहा है। 24 सदस्यीय टीम में से उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन दिसंबर में होने वाले हॉकी जूनियर महिला विश्व कप के लिए किया जाएगा। अनिशा साहू 4 वर्षों से जूनियर टीम की सदस्य है। उन्होंने खेल प्रदर्शन से यह जगह बनाई है। छत्तीसगढ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने बताया ऑस्ट्रेलिया में 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्पर्धा होगी। जूनियर महिला हॉकी टीम अपने आगामी 5 मैचों के ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए सोमवार शाम बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतर राष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुई। टीम सिडनी होकर कैनबरा पहुंच रही है। वे इस साल के अंत में चिली के सैंटियागो में होने वाले एफआईएच हॉकी महिला जूनियर विश्व कप 2025 से पहले तैयारी श्रृंखला में भाग लेंगे। ऑस्ट्रेलिया दौरे में भारत पहले 3 मैच ऑस्ट्रेलिया जूनियर महिला टीम के खिलाफ खेलेगा।


