अलवर के कठूमर थाना क्षेत्र के गांव मीणा का बास तिगरिया में बुधवार देर शाम खेत की डोल (मेड़) के विवाद में फायरिंग कर दी। जिसमें 65 वर्षीय किशोर पुत्र रेवड़ा घायल हो गए। गोली उनके सिर से आंख के ऊपर छूकर निकल गई। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल बुजुर्ग किशोर ने बताया कि उनका खेत लोकेश के खेत के पास है। दो दिन पहले लोकेश ने उनके खेत की डोल पर हल चला दिया था। इसको लेकर लोकेश से उलाहना किया था। आरोप है कि इसी रंजिश में बुधवार शाम लोकेश करीब 6 से 7 लोगों के साथ घर में आ घुसा। छत पर चढ़कर तीन राउंड फायरिंग की। जिसमें उसके आंख के ऊपर गोली छूते हुए निकली। काफी मात्रा में खून बहा है। बुजुर्ग ने बताया कि हमलावरों में सचिन पुत्र लोकेश,रिंकू पुत्र लोकेश, ऋतिक पुत्र रामावतार सहित अन्य 6 से 8 लोग शामिल बताए गए हैं। अब पुलिस को रिपोर्ट दी है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में है।


