दैनिक भास्कर का 20वां अभिव्यक्ति गरबा महोत्सव बुधवार से शुरू हो गया। मानसरोवर में वीटी रोड पर राजस्थान हाउसिंग बोर्ड ग्राउंड में मां जगदम्बा की आरती के साथ गरबा महोत्सव की शुरुआत हुई। लोग अलग-अलग अंदाज और थीम पर सज-धजकर गरबा में पहुंचे। अभिव्यक्ति गरबा के प्रतिभागी जितेंद्र शर्मा नीले ड्रम की तरह दिखने वाली कॉस्ट्यूम पहनकर आए। इस ड्रेस पर लिखा था- ‘गब्बर से डर नहीं लगता, नीले ड्रम से लगता है’। एक प्रतिभागी ने गरबा के दौरान ऑपरेशन सिंदूर की झलक दिखाई। मां-बेटी बटरफ्लाई थीम की ड्रेस पहनकर पहुंची तो देवरानी-जेठानी काले चश्मे में नजर आईं। अभिव्यक्ति गरबा सर्कल में प्रतिभागियों ने डांडिया खनखाए। एक युवक मां दुर्गा का रूप धारण करके आया और गरबा करता नजर आया। रावण बनकर आए युवक ने पंजाबी गाने पर डांस किया। परिवार, कपल और युवा हिंदी, गुजराती, मराठी, राजस्थानी, तमिल और नेपाली गानों की धुनों पर थिरकते नजर आए। गरबा महोत्सव के लिए ग्राउंड को गणेश जी की थीम पर तैयार किया गया। 80 फीट के स्टेज के बीचों-बीच गणेश जी की 7 फीट की प्रतिमा है। देश के अलग-अलग राज्यों के व्यंजनों की फूड स्टॉल लगाई गईं। ग्राउंड में सेल्फी पॉइंट पर लोगों ने खुशनुमा पलों को मोबाइल कैमरे में कैद किया। अभिव्यक्ति गरबा महोत्सव 28 सितंबर तक चलेगा। देखिए, अभिव्यक्ति गरबा की PHOTOS… अभिव्यक्ति गरबा महोत्सव की पल-पल की अपडेट के लिए ब्लॉग पढ़िए…


