भास्कर न्यूज | अंबिकापुर शारदीय नवरात्र के उपलक्ष्य में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय ने नवविश्व भवन चोपड़ापारा में चैतन्य देवियों की झांकी का आयोजन किया है। 22 सितंबर को दीप प्रज्वलन के साथ इस झांकी का शुभारंभ हुआ, जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेता और पार्षद आलोक दुबे, भाजपा नेता करता राम गुप्ता, पूर्व पार्षद रमेश जायसवाल शामिल हुए। ब्रह्माकुमारी विद्या दीदी ने झांकी के बारे में बताते हुए कहा कि यह उन नारियों का प्रतीक है जिन्होंने अपने अवगुणों और विकारों पर विजय पाकर पवित्रता और दिव्य गुणों को धारण किया है। उन्होंने कहा, नवरात्रि पर पूजे जाने वाले देवी के नौ स्वरूप इन्हीं की स्मृति हैं। इस झांकी का मुख्य उद्देश्य समाज में यह संदेश देना है कि हर महिला अपने भीतर की दिव्यता को पहचानकर एक श्रेष्ठ जीवन जी सकती है। यह झांकी 2 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी। पार्षद आलोक दुबे ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ब्रह्माकुमारीज पिछले 25 वर्षों से लगातार इस तरह के आयोजन कर रही है और हर साल इसकी लोकप्रियता बढ़ रही है। उन्होंने सभी से ब्रह्माकुमारीज के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय माउंट आबू जाने और वहां राजयोग मेडिटेशन सीखने का आग्रह किया। पूर्व पार्षद रमेश जायसवाल ने इस अनुभव को अद्वितीय बताया और कहा कि झांकी के सजीव रूप से मन में पाप-मुक्ति और असीम शांति का भाव जागृत होता है।


