प्रतापगढ़ में शुक्रवार से दो दिवसीय शैक्षिक सम्मेलनों का शुभारंभ हुआ। राष्ट्रीय शैक्षिक सम्मेलन डाइट सभागार में और प्रगतिशील शैक्षिक सम्मेलन पेंशनर भवन में आयोजित किए गए। राष्ट्रीय शैक्षिक सम्मेलन का उद्घाटन बांसवाड़ा रोड स्थित डाइट सभागार में माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद राय, शिक्षा अधिकारी कमलेश तेतरवाल, मंडल अध्यक्ष उत्सव जैन और जिला अध्यक्ष देवीलाल मीणा की उपस्थिति में हुआ। मंच का संचालन सुरेंद्र सुमन ने किया। वहीं, प्रगतिशील शैक्षिक सम्मेलन का आयोजन पेंशनर भवन में जिला शिक्षा अधिकारी कमलेश तेतरवाल, सहायक निदेशक शत्रुघ्न शर्मा, प्रशासनिक अधिकारी विकास बालोठिया, प्रगतिशील शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष रामचंद्र पंडोर और नारायण लाल डाबी की मौजूदगी में हुआ। इस सम्मेलन के मंच का संचालन धनराज मीणा ने किया। सम्मेलन में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, नवाचार, समावेशी शिक्षा, ग्रामीण और शहरी विद्यालयों की चुनौतियां और नई पीढ़ी के लिए बेहतर शैक्षिक मौके जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। राष्ट्रीय शिक्षक संघ ने इस मौके पर शिक्षकों की समस्याओं को लेकर माटी कला बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद राय को सरकार के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन शिक्षकों को अनुभव साझा करने, शिक्षा व्यवस्था में सुधार हेतु नए दृष्टिकोण अपनाने और शिक्षण पद्धति में नवाचार लाने का मौके प्रदान करते हैं। ये जानकारी राष्ट्रीय शिक्षक संघ के प्रवक्ता सीपी मीणा ने शुक्रवार को दी।


