चाईबासा सदर विधानसभा क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों ने शुक्रवार को परिवहन मंत्री सह चाईबासा विधायक दीपक बिरुआ के आवास का घेराव किया। ग्रामीण सड़क निर्माण की मांग को लेकर 35 किलोमीटर पैदल चलकर मंत्री के आवास पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया। लगातार भारी बारिश के बावजूद, पंडाबीर पंचायत के हेसाबांध, अंजेदबेड़ा, हेस्सासुरनिया सहित लगभग आधा दर्जन गांवों के ग्रामीण इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने अपनी समस्या को उजागर करने के लिए यह लंबी पैदल यात्रा की। 4 किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य वर्षों से अधूरा पड़ा ग्रामीणों का कहना है कि उनके क्षेत्र में करीब 4 किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य वर्षों से अधूरा पड़ा है। इस कारण स्वास्थ्य सेवाएं और बच्चों की शिक्षा गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। उन्हें मरीजों को अस्पताल ले जाने और बच्चों को स्कूल भेजने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इधर, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। मौके पर चाईबासा के अंचल अधिकारी और मुफ्फसिल थाना प्रभारी ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करते रहे। समाजसेवी महेंद्र जामुदा ने बताया कि ग्रामीण सड़क के अभाव में बेहद परेशान हैं। उन्होंने कहा, “बरसात में मरीजों को अस्पताल और बच्चों को स्कूल आने-जाने में मुश्किल होती है।” एक ग्रामीण ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा, “हम सालों से मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक सड़क नहीं बनी। मजबूरन बारिश में भी पैदल चलकर मंत्री आवास घेरना पड़ा।”


