कोरिया जिले के सोनहत-रामगढ़ मार्ग में बेकाबू पिकअप ने बाइक सवार दो सीधे टक्कर मार दी। पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दोनों ग्रामीण बाइक सहित उछलकर सड़क किनारे जंगल में जा गिरे। हादसे में दोनों बाइक सवारों की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप भी पलट गई। पिकअप का चालक घटना के बाद भाग निकला। घटना सोनहत थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर जिले के रसौकी निवासी बाइक सवार अमरजीत सिंह गोंड़ (50 वर्ष) अपने साथी रामगिरी (50 वर्ष) के साथ बाइक से सोनहत गया था। शनिवार शाम वे वापस अपने घर रसौकी लौट रहे थे। वे सोनहत-रामगढ़ मार्ग में गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व क्षेत्र के प्रवेश द्वार के पास पहुंचे थे कि रामगढ़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप क्रमांक CG 16 CQ 8828 ने बाइक को सीधे टक्कर मार दी। पिकअप भी पलटी, बाइक सवार दोनों की मौत
हादसे के बाद पिकअप का चालक गाड़ी को नियंत्रित नहीं कर सका और पिकअप पलट गई। पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दोनों ग्रामीण सड़क किनारे जंगल में जा गिरे। हादसे में दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर सोनहत पुलिस मौके पर पहुंची एवं दोनों मृतकों के शवों को सोनहत हॉस्पिटल पहुंचाया। हादसे के बाद पिकअप का चालक फरार हो गया। हादसे का कारण पिकअप का तेज रफ्तार में बेकाबू हो जाना बताया गया है। पुलिस पिकअप चालक की तलाश कर रही है।


