मुरादाबाद में जमीन के विवाद में एक फैक्ट्रीकर्मी की हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप चचेरे भाई पर लगा है। परिजनों का कहना है कि जमीन के विवाद में चचेरे भाई ने लाठी से गला दबाकर तहेरे भाई को मार डाला। वारदात के वक्त मौके पर मौजूद मृतक के पिता को हत्यारोपी और उसके साथियों ने चादर से चारपाई पर बांधकर डाल दिया। ताकि वो जान बचाने में बेटे की मदद न कर सके।
घटना छजलैट थाना क्षेत्र के गांव चेतरामपुर की है। गांव में रहने वाला अहसान अली अपने सबसे छोटे बेटे गुलफाम अली के साथ घर में सोया था। गुलफाम (22 साल) मुरादाबाद की एक फैक्ट्री में काम करता था। परिजनों का कहना है कि रात में करीब एक बजे गुलफाम का चचेरा भाई शाकिर अली तीन अन्य लोगों के साथ घर में घुस आया। उसने अपने साथियों की मदद से अहसान अली को तमंचे के बल पर कवर करके चादर से बांधकर डाल दिया। इसके बाद गुलफाम अली की लाठी से गला दबाकर हत्या कर दी। दोनों पक्षों में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि जमीन के विवाद में हत्या की गई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी शाकिर अलीर समेत 4 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।


