पंजाब के लुधियाना के जगराओं में एक मामूली झगड़े के दौरान पुलिसकर्मी पर हमला कर उसकी वर्दी फाड़ने का मामला सामने आया है। सिपाही कुलविंदर सिंह पर यह हमला तब हुआ जब वह पंचायत समझौते के मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने इस संबंध में एक अज्ञात समेत दो आरोपियों पर मामला दर्ज किया है। मुख्य आरोपी की पहचान गांव छपार के पंच महिंदर सिंह के बेटे सतवीर सिंह उर्फ विक्की पुत्र के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही है। झगड़ा रुकवाने गया था सिपाही, आरोपी ने पीटा छपार के चौकी इंचार्ज काबल सिंह ने बताया कि इलाके में मामूली झगड़े के बाद सरपंच कुलदीप सिंह के फोन पर सिपाही कुलविंदर सिंह मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की। इसी दौरान सतवीर सिंह ने अपने पड़ोसी हरपाल सिंह को थप्पड़ मारना शुरू कर दिया। जब सिपाही कुलविंदर सिंह ने सतवीर को रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने उन्हें भी थप्पड़ मारा, उनका गला दबाया और वर्दी फाड़ दी। गाली-गलौज कर धमकियां दीं आरोपी ने सरकारी काम में बाधा डालते हुए पुलिसकर्मी के साथ गाली-गलौज भी की और धमकियां दीं। मारपीट में घायल सिपाही कुलविंदर सिंह का इलाज सरकारी अस्पताल पक्खोवाल में कराया गया। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी सतवीर सिंह और एक अज्ञात व्यक्ति पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं 115(2), 221, 132, 121(1), 351(3), 296, 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


