संपत्ति कर नहीं चुकाने वालों पर कार्रवाई:कॉलोनाइजर शैलेष वर्मा समेत रायपुर के 15 बड़े बकायादारों की दुकान, गोदाम और ऑफिस सील

राजधानी रायपुर के बड़े कॉलोनाइजर और पार्थिवी प्रोविन्स के डायरेक्टर शैलेष वर्षा के ऑफिस और व्यावसायिक परिसर को नगर निगम ने गुरुवार को सील कर दिया। उन पर नगर निगम के जोन-8 का 33.86 लाख रुपए संपत्तिकर बकाया है। निगम ने उन्हें कई बार नोटिस और डिमांड बिल भेजा। इसके बावजूद टैक्स जमा नहीं किया गया। इसके बाद उनका परिसर सील करवा दिया। यही नहीं, जोन के अन्य 14 बड़े बकायादारों की संपत्तियां सील की गई हैं। यह पहला अवसर है जब नगर निगम के किसी जोन ने एक दिन में इतनी बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ 15 परिसरों को सील किया है। जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल ने कहा कि संपत्तिकर वसूली में अब सख्ती शुरू कर दी गई है। जोन में अभी अन्य बड़े बकायादार भी हैं। उन्हें भी नोटिस दिया गया है। नोटिस के बाद भी टैक्स जमा नहीं करने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उनके नाम भी सार्वजनिक किए जाएंगे। इस कार्रवाई से बचने के लिए जल्द बकाया अदा करें। 306 संपत्तियों से वसूले 8 करोड़
नगर निगम ने इस साल ब्लॉक संपत्तियों से टैक्स वसूली में कामयाबी हासिल की है। पिछले दो महीने में ऐसी 306 संपत्तियों के मालिकों को बकाया टैक्स जमा करने के लिए नोटिस जारी किया गया था। सीलबंदी की कार्रवाई के बाद लोगों ने टैक्स जमा किया। इससे नगर निगम को लगभग 8 करोड़ रुपए का टैक्स मिला। यह पिछले करीब एक दशक से लंबित था। बकाएदारों पर होगी कार्रवाई बकाया टैक्स वसूली के लिए सभी जोन कमिश्नरों को निर्देश दिए हैं। बकायादारों की लिस्टिंग करने के बाद उन्हें नोटिस देने कहा गया है। नोटिस के बाद भी टैक्स अदा नहीं करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।
– विश्वदीप, कमिश्नर नगर निगम रायपुर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *