डीडवाना में शहीद-ए-आज़म भगतसिंह की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर नगर के भगतसिंह सर्किल पर विभिन्न संगठनों, छात्र-छात्राओं और नागरिकों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के दौरान “इंकलाब जिंदाबाद” और “जब तक सूरज-चाँद रहेगा, भगतसिंह तेरा नाम रहेगा” जैसे नारों से परिसर गूंज उठा। वक्ताओं ने भगतसिंह के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कम उम्र में ही देश की आज़ादी के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। उनके विचार और त्याग आज भी युवाओं को राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा देते हैं। इस अवसर पर तनवीर वाल्मीकि ने कहा कि हमें भगतसिंह के जीवन से प्रेरणा लेकर भ्रष्टाचार, अन्याय और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। जयंती समारोह के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बाइक रैली और रक्तदान शिविर प्रमुख थे। इस मौके पर तनवीर कुमार (छात्र प्रतिनिधि), परवेज खान (छात्र नेता), हुसैन अफरीदी, विकास परिहार, जितेंद्र, अशोक सिंह और कपिल सहित अनेक छात्र-युवा उपस्थित रहे। नगरवासियों ने इन आयोजनों को युवा पीढ़ी को शहीदों के आदर्शों से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बताया।


