प्रिंसिपल के ट्रांसफर का विरोध, स्कूल पर तालाबंदी:हनुमानगढ़ में 22-23 एनडीआर के स्टूडेंट्स 3 दिन से धरने पर

हनुमानगढ़ के गांव 22-23 एनडीआर स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में प्रिंसिपल के ट्रांसफर के विरोध में स्टूडेंट्स ने मोर्चा खोल दिया है। पिछले तीन दिनों से स्कूल परिसर में तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन जारी है, जिसके कारण नियमित कक्षाएं बाधित हैं। स्टूडेंट्स और पेरेंट्स मांग कर रहे हैं कि शिक्षा विभाग तुरंत ट्रांसफर आदेश पर पुनर्विचार करे और प्रिंसिपल को वापस कार्यभार संभालने दे। उनका आरोप है कि यह ट्रांसफर राजनीतिक दबाव और आपसी गुटबाजी का परिणाम है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। स्टूडेंट्स के अनुसार, पिछले दो वर्षों से स्कूल में गुटबाजी और विवाद की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने बताया कि विभाग ने पहले एक शारीरिक शिक्षक को नोटिस जारी कर कार्रवाई की बात कही थी, लेकिन उस पर अमल नहीं हुआ। इसके बजाय, प्रिंसिपल का अचानक ट्रांसफर कर दिया गया, जिसे वे निष्पक्ष नहीं मानते और राजनीतिक रंजिश का परिणाम बताते हैं। स्टूडेंट्स ने चेतावनी दी है कि जब तक प्रिंसिपल का ट्रांसफर निरस्त नहीं होता, तब तक स्कूल में तालाबंदी जारी रहेगी। ग्रामीणों ने भी प्रिंसिपल की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में स्कूल में अनुशासन और पढ़ाई का माहौल बेहतर हुआ था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ लोग व्यक्तिगत स्वार्थ और राजनीति के कारण स्कूल में लगातार विवाद पैदा कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से इन गुटबाजी की जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे और इसे जिला स्तर तक ले जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *