जोधपुर पुलिस ने पेट्रोल और डीजल चुराकर उसमें मिलावट कर बेचने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक टैंकर, दो पिकअप ट्रक और चोरी एवं मिलावट में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए हैं। यह कार्रवाई जोधपुर पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश के नेतृत्व में की गई, जिसमें कमिश्नर स्वयं मौके पर मौजूद रहे। पुलिस फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर रही है, जिससे और भी खुलासे होने की उम्मीद है। बस स्टैंड पर खुलेआम बेचा जा रहा था मिलावटी तेल
पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ समय से डिपो से आने वाले टैंकरों से पेट्रोल और डीजल निकालकर सालावास बस स्टैंड पर खुलेआम बेचा जा रहा था। इसे पेट्रोल पंपों से कम कीमत पर बेचा जा रहा था, जिससे आसपास के पेट्रोल पंप संचालक भी परेशान थे।
शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
इसकी शिकायत मिलने पर पुलिस ने अवैध पेट्रोल और डीजल बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। कार्रवाई की सूचना मिलते ही अवैध रूप से पेट्रोल और डीजल बेचने वाले कई लोग मौके से भाग गए। मिलावट करते हुए गिरोह पकड़ा गया
कमिश्नरेट स्पेशल टीम ने डीजल और पेट्रोल चुराकर उसमें थिनर मिलाते हुए गिरोह को रंगे हाथों पकड़ा। मौके से पुलिस ने एक टैंकर, दो पिकअप ट्रक और चोरी एवं मिलावट में प्रयुक्त उपकरण जब्त किए। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है।


