फालना में एसपीयू महाविद्यालय में नवरात्रि के अवसर पर गरबा महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पारंपरिक गरबा गीतों पर उत्साहपूर्वक नृत्य किया। पारंपरिक संगीत और नृत्य की छटा ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हिमांशु मेहता ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नवरात्रि भक्ति और साधना के मार्ग पर अग्रसर होने का पर्व है। यह पर्व केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजन छात्रों में सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं और उन्हें भारतीय परंपराओं से जोड़ते हैं। कॉलेज के उपाचार्य डॉ.गौतम शर्मा ने कहा कि डांडिया नृत्य के माध्यम से हमारी संस्कृति जीवंत रहती है। उन्होंने नृत्य कला को भावी पीढ़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपहार बताया।कार्यक्रम प्रभारी दलपत सिंह ने जानकारी दी कि नृत्य और संगीत के इस मिश्रण से महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं में ऊर्जा और प्रतिभा का प्रमाण देखने को मिला। इस अवसर पर सभी संकाय सदस्यों ने भी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।


