हरियाणा के सोनीपत में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर का अलग अंदाज देखने को मिला। गन्नौर में आयोजित युवा सम्मान समारोह का एक 27 सेकेंड का वीडियो सामने आया है। इसमें खट्टर आयोजन स्थल पर बीच में बनी गैलरी में दौड़ लगाते नजर आ रहे हैं। कार्यक्रम में खट्टर हाथ हिलाकर अभिवादन करते हुए एंट्री लेते हैं। इसके बाद कुछ ही कदम चलने पर दोनों हाथ उठाकर दौड़ लगाने लगते हैं। कार्यक्रम में करीब 200 मेधावियों का सम्मान किया गया। इसमें 21 मेधावियों को स्कूटी भी दी गई। आयोजन विधायक देवेंद्र कादियान द्वारा किया गया था। जानिए कैसे दौड़कर पहुंचे खट्टर… खट्टर बोले- गन्नौर को रैपिड रेल से जोड़ा जाएगा मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि गन्नौर को रैपिड रेल और हाईवे नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। दिल्ली से करनाल तक रैपिड ट्रेन सोनीपत और गन्नौर से होकर गुजरेगी। इससे विकास की गति और तेज होगी। उन्होंने बताया कि राई एजुकेशन सिटी में आईआईटी, बड़ी में रेल फैक्ट्री और जल्द ही आईएमटी की स्थापना से युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वदेशी बनो-स्वदेशी अपनाओ’ अभियान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी ताकत बन चुका है और वर्ष 2027 तक तीसरे स्थान पर पहुँच जाएगा। कार्यक्रम की 4 अलग-अलग तस्वीरें… बिना पर्ची-खर्ची नौकरी देने का दावा केंद्रीय मंत्री खट्टर ने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार ने सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता सुनिश्चित की है। अब बिना पर्ची और बिना खर्ची के युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरी मिल रही है। उन्होंने कहा कि अब छात्रों को नौकरी पाने के लिए घर-परिवार की जमीन या जेवर बेचने की जरूरत नहीं है। 216 मेधावी सम्मानित किए गए कार्यक्रम में 216 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया, जिनमें 21 को स्कूटी, 85 को टैबलेट और 110 को साइकिल प्रदान की गई। इस दौरान सोसाइटी के संस्थापक और स्थानीय विधायक देवेंद्र कादियान ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से गन्नौर की अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी को हाईवे से जोड़ने के लिए छोटे बाईपास की मांग रखी। खट्टर ने भी जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया।


