विदेश में नाैकरी के नाम पर ठगे 75 लाख रुपए:उत्तरप्रदेश के रहने वाले आरोपियों ने मकराना में खोला था ऑफिस

डीडवाना-कुचामन जिले के इजरायल में नौकरी दिलवाने के नाम पर 75 लाख रुपए की ठगी करने का एक मामला सामने आया है। मकराना पुलिस थाने में 75 लाख रूपए की ठगी करने का मामला दर्ज हुआ है। मकराना निवासी युवक ने रीगल इंटरप्राइजेज के संचालकों रवि सिंह पुत्र रामबलि सिंह राजपूत निवासी कटरा (इलाहाबाद, उत्तर प्रदेश) व सुधीर सिंह के खिलाफ पुलिस थाना में नामजद आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी हैं। परिवादी कानाराम ने मकराना थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि आरोपियों ने मकराना में विदेश भेजने के नाम पर मकराना के गौड़ाबास में रीगल इंटरप्राइजेज के नाम से ऑफिस खोला था। आरोपियों ने अखबार में विदेश में नौकरी का विज्ञापन दिया था। अखबार में विज्ञापन देखकर ऑफिस जाकर संपर्क किया तो आरोपियों ने कहा कि ईरान इजरायल युद्ध में इजरायल में काफी नुकसान हुआ है। इस वजह से वहां वापस बिल्डिंग बनाने का काम शुरू किया जा रहा है, इसलिए वहां मजदूर, कारीगर, सुपरवाइजर आदि वर्कर की जरूरत हैं। आरोपियों ने उस समय कहा कि योग्यता के अनुसार वहां सभी को एक साथ भेजा जाएगा। आरोपियों ने कहा कि सभी को 50 हजार रुपए एडवांस व पासपोर्ट देना होगा। इसके बाद एक हफ्ते में परिवादी कानाराम व उसके साथियों ने रवि सिंह व सुधीर को 50-50 हजार और 2 लाख 50 हजार देकर कुल 75 लाख रुपए दे दिए। आरोपियों ने उन्हें वीजा व टिकट दिए। जिसके बाद सभी इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पहुंचे जहां उन्हें टिकट व वीजा के फर्जी होने का पता चला। वापस मकराना आए तो आरोपियों का ऑफिस बंद था। जिस पर ऑफिस मालिक से पूछने पर उसने बताया कि आरोपी ऑफिस खाली कर चले गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *