रीवा में गोवंश का कटा सिर मिला है। गुस्साए लोग सड़क पर रखकर चक्काजाम कर गोवंश की हत्या का विरोध जताया। आरोप है कि गाय का मीट भी बेचा जा रहा है। विहिप के नेताओं ने प्रशासन से ऐसी घटनाएं नजरअंदाज न करके आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। दरअसल बिछिया थाना क्षेत्र के लक्ष्मण बाग मोहल्ले में शनिवार को लोगों के लिए एक गाय का कटा हुआ सिर मिला है। विश्व हिंदू परिषद की तरफ से बालकृष्ण द्विवेदी ने कहा कि हमारी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और इस तरह की घटना को प्रशासन नजरअंदाज नहीं कर सकता। प्रशासन और पुलिस ने जल्द आरोपियों को सलाखों के पीछे नहीं पहुंचाया तो प्रदर्शन होगा। स्थानीय लोगों ने बताया कि रात में मोहल्ले में कई अज्ञात लोग घूमते हुए देखे गए। इसी वजह से उन्होंने शक जताया कि इन्हीं संदिग्धों ने यह कृत्य किया होगा। घटना की जानकारी लगते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया और लोग न्याय की मांग करने लगे। सीसीटीवी कैमरों से आरोपियों की तलाश
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी। इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बिछिया थाना प्रभारी मनीषा उपाध्याय ने कहा कि दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और मोहल्ले में शांति कायम रहे। राजीव पाठक, सीएसपी रीवा ने भी स्थिति का जायजा लिया और लोगों को आश्वस्त किया कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले ने रीवा के लक्ष्मण बाग मोहल्ले में धार्मिक भावनाओं और सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है। पुलिस प्रशासन की सक्रियता और उचित कार्रवाई ही अब मोहल्लेवासियों की शांति और भरोसे को बनाए रख सकती है।


