हरदा कांग्रेस ने विजयवर्गीय के बयान पर आपत्ति जताई:राहुल-प्रियंका पर अमर्यादित टिप्पणी के खिलाफ मंत्री से माफी की मांग

हरदा में शनिवार शाम को कांग्रेस कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को लेकर की गई टिप्पणी पर आपत्ति जताई गई। कांग्रेस ने विजयवर्गीय के इस्तीफे की मांग की। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की हरदा जिले की सह प्रभारी रचना जैन ने कहा कि मंत्री विजयवर्गीय ने शाजापुर की समस्याओं पर बात करने के बजाय भाई-बहन के रिश्ते पर अमर्यादित टिप्पणी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ‘लाड़ली बहनों के सम्मान’ की बात करती है, लेकिन उसके मंत्री महिलाओं का सम्मान करना भूल गए हैं। जैन ने यह भी कहा कि जब कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी नशामुक्त प्रदेश की बात करते हैं, तब भाजपा की महिलाएं उनका पुतला दहन करती हैं, लेकिन मंत्री विजयवर्गीय के इस बयान पर वे चुप हैं। उन्होंने मंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। जिलाध्यक्ष मोहन विश्नोई ने मंत्री विजय शाह पर कर्नल सोफिया कुरैशी को ‘आतंकियों की बहन’ कहने के मामले का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अदालत की फटकार के बावजूद भाजपा विजय शाह को बचाने का काम कर रही है। ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद व्यास ने मंत्री विजयवर्गीय के उन पुराने बयानों का भी उल्लेख किया, जिनमें उन्होंने महिलाओं और बच्चियों के छोटे कपड़ों को लेकर टिप्पणी की थी। प्रवक्ता आदित्य गार्गव ने भाजपा से सवाल किया कि वह ‘भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को कलंकित’ करके देश और दुनिया को क्या संदेश देना चाहती है। इस प्रेस वार्ता में पार्षद सुप्रिया पटेल और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद व्यास सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *