अस्पताल गेट पर मिले नवजात की इलाज के दौरान मौत:चार दिन से चल रहा था इलाज, पोस्टमार्टम के बाद शव शिशु गृह को सौंपा

डूंगरपुर में जिला अस्पताल के गेट पर लावारिस मिले एक नवजात शिशु की इलाज के दौरान मौत हो गई। चार दिन पहले यह नवजात अस्पताल के मुख्य द्वार पर मिला था, जिसका जिला शिशु अस्पताल में इलाज चल रहा था। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव राजकीय शिशु गृह को सौंप दिया है और मामले की जांच में जुटी है। राजकीय शिशु गृह के मैनेजर कुलदीप शर्मा ने बताया कि 25 सितंबर की रात करीब 3 बजे एक अज्ञात व्यक्ति नवजात को डूंगरपुर जिला अस्पताल के मुख्य द्वार पर छोड़कर चला गया था। सूचना मिलने पर पुलिस और शिशु गृह के अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। नवजात को तत्काल जिला शिशु अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन रविवार रात इलाज के दौरान नवजात की मौत हो गई। शिशु की मौत के बाद शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया। सोमवार सुबह पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाया और फिर उसे राजकीय शिशु गृह को सुपुर्द कर दिया। मैनेजर शर्मा ने बताया कि नगरपरिषद की मदद से नवजात का अंतिम संस्कार किया जाएगा। कोतवाली थाना पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और उस अज्ञात व्यक्ति की तलाश में जुटी है जिसने नवजात को अस्पताल के गेट पर छोड़ा था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *