देश के मैदानी इलाकों में शीतलहर का प्रकोप धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। जिसके कारण चित्तौड़गढ़ में ठंड का तेज प्रभाव देखने को मिल रहा है। चित्तौड़गढ़ में फिलहाल विजिबिलिटी ज्यादा प्रभावित नहीं हुई है, इसलिए यातायात पर ज्यादा उसका असर नहीं हुआ है।
वहीं, मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट आएगी। दिसंबर में इस बार कड़ाके की ठंड पड़ चुकी है जो जनवरी महीने तक जारी रहने की संभावना है। पांच डिग्री से नीचे आया तापमान
उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में लगातार बर्फबारी और शीत लहर का प्रकोप देखा जा रहा है। इसका सीधा असर पूरे राजस्थान में भी पड़ रहा है। चित्तौड़गढ़ में भी लगातार ठंड बढ़ती जा रही है। रात में कड़ाके की ठंड का एहसास ज्यादा होता है। पिछले कुछ दिनों से दिनभर ठंडी हवाएं चल रही है जिसके कारण धूप में भी ठंड का एहसास बढ़ता जा रहा है।
मौसम का सबसे ज्यादा प्रभाव न्यूनतम तापमान में पड़ रहा है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री दर्ज किया गया है। जबकि बुधवार को अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। और ज्यादा बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार ठंड और ज्यादा बढ़ेगी। जो जनवरी महीने तक जारी रहेगी। फिलहाल शीतलहर और कोहरे को लेकर कोई भी अलर्ट जिले को जारी नहीं किया गया है। लेकिन आगामी दिनों में कोहरे का असर हो सकता है। सुबह और रात को हल्के बादल भी छाए हुए थे। लेकिन धूप के साथ-साथ बादल भी छट गए।


