गरबा खेलते-खेलते हार्ट अटैक से मौत:पति के साथ डांस कर रही थी, दुर्गा प्रतिमा के सामने गिरी; पांच महीने पहले हुई थी शादी

खरगोन में गरबा कर रही एक महिला की हार्ट अटैक से दुर्गा प्रतिमा के सामने ही मौत हो गई। वह अपने पति के साथ ‘ओ मेरे ढोलना…’ गाने पर डांस कर रही थी, तभी अचानक नीचे गिर पड़ी। घटना रविवार रात को खरगोन जिले के भीकनगांव के पलासी गांव की है। इसका वीडियो सोमवार सुबह सामने आया। महिला की शादी 5 महीने पहले ही हुई थी। जानकारी के अनुसार, सोनम (उम्र 19 साल) अपने पति कृष्णपाल के साथ सिंगाजी मंदिर पर स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा के सामने गरबा कर रही थी। नाचते हुए अचानक वो बेसुध हो गई। जमीन पर गिरने के बाद वहां मौजूद लोगों ने तुरंत उसे उठाया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। देखें घटनाक्रम की 3 तस्वीरें.. गाने के बीच सोनम जमीन पर गिर पड़ी
बताया जा रहा है कि सोनम की शादी इसी वर्ष मई में कृष्णपाल से हुई थी। सोनम अपने पति कृष्णपाल के साथ गरबा में शामिल हुई थी। दोनों साथ में नाच रहे थे। गीत के बोल… कसम लूं मैं रब की, कसम ले तू रब की…कभी एक दूजे का ना दामन छोड़ना ओ मेरे ढोलना… गूंज रहे थे, तभी सोनम के साथ हादसा हो गया। पहले पंडाल में मौजूद लोग सोनम के गिरने की घटना को डांस का हिस्सा समझते हुए मुंह पर हाथ रखकर हंस रहे थे। जब सोनम नहीं उठी तो हड़कंप मच गया। पति कृष्णपाल ने उसे उठाने का प्रयास किया, जब नहीं उठी तो बाकी लोग भी आ गए, लेकिन तब तक सोनम की मौत हो चुकी थी। मंदिर में ही मौत हो चुकी थी, पीएम नहीं कराया
मंदिर में मौजूद सभी महिलाएं घबरा गई। सोनम को उठाकर एक घर में ले जाया गया। परिजन ने गांव के एक डॉक्टर को बुलाया, जिसने सोनम को मृत घोषित कर दिया। इधर, सामान्य मौत होने के चलते परिवार ने महिला का पोस्टमॉर्टम नहीं कराया। सोमवार सुबह गांव में ही अंतिम संस्कार किया गया। नए जोड़े के रूप में पंडाल में बैठे थे
भीकनगांव क्षेत्र के ग्राम टेमला की रहने वाली सोनम की शादी 1 मई 2025 को पास ही के गांव पलासी में हुई थी। सोनम ने नवरात्रि के दौरान उपवास रखा था। रोज रात को आरती के बाद समाज की महिलाएं गरबा करती थीं। नई शादी होने के कारण सोनम और उसके पति इस साल जोड़े में बैठे थे। जब सोनम के डांस की बारी आई तो परिवार की लड़कियां उसके पति को भी बुलाकर लाई और साथ में नचवाया‌। सभी लोग उत्साहित थे। हर कोई इस नजारे को मोबाइल में रिकॉर्ड कर रहा था। बहू के साथ परिवार की पहली नवरात्रि थी
सोनम के पति कृष्णपाल यादव पेशे से किसान हैं। वे पशुपालन कर डेयरी का काम भी करते हैं। कृष्णपाल के परिवार में माता-पिता हैं। परिवार के लिए यह पहली नवरात्रि थी, जब उनके साथ उनकी बहू थी। घटना के बाद से परिवार सहित पूरे गांव में मातम पसर गया हैं। देवी की उपासना और आराधना के पर्व के दौरान एक परिवार की खुशियां छीन गई। ये खबर भी पढ़ें…
महिला संगीत में डांस कर रही इंदौर की युवती की मौत, अचानक मुंह के बल गिरी विदिशा में एक शादी समारोह में महिला संगीत के कार्यक्रम के दौरान मंच पर डांस करते-करते एक युवती की मौत हो गई। युवती इंदौर की रहने वाली थी। विदिशा में अपनी कजिन सिस्टर की शादी में शामिल होने आई थी। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…. योग कार्यक्रम में परफॉर्मेंस दे रहे शख्स को हार्ट अटैक:तन पर वर्दी, हाथ में तिरंगा था इंदौर के एक योग केंद्र में शुक्रवार को देशभक्ति गीत पर परफॉर्म कर रहे शख्स नाचते-नाचते मंच पर गिर पड़े। वे ‘मां तुझे सलाम’ गाने पर आर्मी यूनिफॉर्म पहनकर और हाथ में तिरंगा लेकर प्रस्तुति दे रहे थे। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *