अजमेर दरगाह की याचिका लगाने वाले के बेटे को कैंसर?:सोशल मीडिया पर किए दावे में कितना सच; पढ़िए भास्कर की पड़ताल

हुजूर ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह पर सर्वे याचिका लगाने वाले के बेटे को हुआ कैंसर नतीजे आना शुरू हो गए… सोशल मीडिया पर अजमेर दरगाह पर लगी याचिका के मामले में सोशल मीडिया पर ऐसी पोस्ट शेयर की जा रही है। इसमें बताया जा रहा है कि याचिका लगाने वाले विष्णु गुप्ता के बेटे को कैंसर हो गया है। मामले को लेकर सच जानने के लिए दैनिक भास्कर ने याचिकाकर्ता विष्णु गुप्ता से बात की। पढ़िए सोशल मीडिया पर आ रही ऐसी पोस्ट का सच पहले पढ़िए क्या है पूरा मामला?
27 नवंबर को अजमेर की ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में संकट मोचन महादेव मंदिर होने का दावा करने वाली याचिका अजमेर सिविल कोर्ट ने स्वीकार कर ली थी। अदालत ने इसे सुनने योग्य माना और 20 दिसंबर को सुनवाई की तारीख दी है। दरगाह में मंदिर होने का दावा हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता की ओर से पेश किया गया। मामले को लेकर सिविल कोर्ट ने अल्पसंख्यक मंत्रालय, दरगाह कमेटी अजमेर और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (ASI) को नोटिस भेजा था। याचिका में रिटायर्ड जज हरबिलास सारदा की 1911 में लिखी किताब अजमेर: हिस्टॉरिकल एंड डिस्क्रिप्टिव का हवाला देते हुए दरगाह के निर्माण में मंदिर का मलबा होने का दावा किया गया है। साथ ही गर्भगृह और परिसर में एक जैन मंदिर होने की बात कही गई है। विष्णु गुप्ता ने कहा- बेटा बिल्कुल स्वस्थ
हफ्तेभर से सोशल मीडिया पर विष्णु गुप्ता के बेटे को लेकर कैंसर होने की बात की जा रही है। भास्कर ने इसका सच जानने के लिए विष्णु गुप्ता से बात की। विष्णु गुप्ता ने बताया- मेरा बेटा ठीक है। किसी को भी कुछ नहीं हुआ है। परिवार बिल्कुल स्वस्थ है। 2 दिन से सभी रिश्तेदारों के कॉल आ रहे हैं। सभी इस वायरल पोस्ट को लेकर जानकारी ले रहे हैं, लेकिन बेटे को कुछ भी नहीं हुआ है। बोले अफवाहों पर ध्यान न दें
गुप्ता ने कहा- मेरा एक 7 साल का बेटा है, वो अभी दूसरी कक्षा में पढ़ता है। वह और मेरे परिवार के सभी सदस्य पूरी तरह स्वस्थ हैं। सोशल मीडिया पर फैलाई जारी अफवाह पर विश्वास न करें। गुप्ता ने X पर ट्वीट कर लिखा- कुछ जिहादी आतंकवादी मानसिकता के लोग सोशल मीडिया पर खबर फैला रहे हैं कि अजमेर दरगाह पर केस करने वाले के बेटे को कैंसर हो गया है। यह सभी खबर झूठी है और महादेव के आशीर्वाद से हमारा परिवार स्वस्थ है। भास्कर की पड़ताल में यह दावा झूठा निकला। गर्दन काटने की धमकी भी मिली
विष्णु गुप्ता को 11 दिन पहले जान से मारने की धमकी भी दी गई। गुप्ता ने बताया- मेरे पास दो फोन आए थे। एक भारत से और दूसरा कनाडा से। कनाडा से आए फोन में मुझे धमकी दी गई कि आपने अजमेर दरगाह का केस फाइल कर बहुत बड़ी गलती कर दी। अब आपकी गर्दन काट दी जाएगी, सिर कलम कर दिया जाएगा। उन्होंने दिल्ली पुलिस से इसकी शिकायत की है। विष्णु गुप्ता ने कहा कि मैं ऐसी धमकियों से डरने वाला नहीं हूं। हम सिर्फ अपना हक मांग रहे हैं, हमने किसी भी भावना को आहत नहीं किया है। न ही किसी की भावना को आहत करना चाहते हैं। अजमेर दरगाह में शिव मंदिर है और कानूनी लड़ाई से उसको वापस लेंगे। ———- अजमेर दरगाह विवाद से जुड़ी ये भी खबरें पढ़िए… ‘मस्जिद के नीचे मंदिर नहीं, वोट बैंक ढूंढ रहे हैं’:महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा बोलीं- यह दिखाना चाहते हैं मुसलमानों को हमने तंग किया अजमेर दरगाह में संकट मोचन महादेव मंदिर के दावे के बाद विवाद बढ़ता जा रहा है। अब पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा ने कहा है कि- यह लोग मस्जिदों के नीचे मंदिर नहीं ढूंढ रहे हैं, बल्कि उन्हें लगता है की मस्जिदों के नीचे उनका वोट बैंक मिलेगा। इल्तिजा ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर में कहा कि ये दिखाना चाहते हैं कि हमने मुसलमानों को तंग किया। (पढ़ें पूरी खबर)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *