लुहरी प्रोजेक्ट प्रभावितों को मिला 2.19 करोड़ मुआवजा:मकानों में आई थी दरारें, कमेटी महासचिव बोले-लंबे संघर्ष के बाद राशि जारी की

शिमला के रामपुर की सतलुज नदी पर बन रहे 210 मेगावाट के सतलुज जल विद्युत निगम (SJVN) के लुहरी हाइड्रो प्रोजेक्ट ने देहरा पंचायत के प्रभावित परिवारों को मकानों में आई दरारों का मुआवजा जारी कर दिया है। इस मद में कुल 2 करोड़ 19 लाख 57 हजार 335 रुपए की राशि उपायुक्त कुल्लू को भेज दी गई है। लुहरी हाइड्रो प्रोजेक्ट प्रभावित कमेटी के महासचिव देवकी नंद ने बताया कि लंबे संघर्ष और आंदोलन के बाद प्रभावित परिवारों को यह मुआवजा मिला है। उन्होंने कहा कि किसानों के लगातार आंदोलन के दबाव में SJVN ने यह राशि जारी की है। देवकी नंद ने इसे किसानों की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और कहा कि यह आंदोलन के बिना संभव नहीं था। उन्होंने जानकारी दी कि किसान सभा प्रभावित परिवारों को उनके अधिकार दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत रही है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी कई मुद्दे लंबित हैं, जिन पर संघर्ष जारी रहेगा। किसानों को संगठित कर इन मांगों के लिए संघर्ष तेज करेंगे इन लंबित मुद्दों में निथर पंचायत में मकानों की दरारों का मुआवजा, बरकेली पंचायत में छूटे हुए परिवारों को धूल का मुआवजा, तथा भट्टी, करांगला, बढ़ाच, दुराह, गड़ेच, नीरथ, देलठ और शामथला पंचायतों से जुड़े रोजगार, पानी, नाप-नपाई और एकमुश्त राशि जैसे मामले शामिल हैं। महासचिव ने कहा कि किसान सभा आने वाले समय में प्रभावित पंचायतों के किसानों को संगठित कर इन मांगों के समाधान के लिए संघर्ष तेज करेगी। उन्होंने सरकार और परियोजना प्रबंधन से आग्रह किया कि किसानों की जायज मांगों को तुरंत पूरा किया जाए ताकि प्रभावित परिवारों को और परेशानियों का सामना न करना पड़े।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *