दौसा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 35 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। यह बदमाश करौली जिले के टोडाभीम क्षेत्र में डबल मर्डर केस में वांटेड था। जिस पर भरतपुर रेंज आईजी ने इनाम घोषित किया था। आरोपी के खिलाफ कई अलग-अलग थानों में हत्या, चोरी व अवैध हथियार रखने संबंधी करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध हथियार देसी कट्टा मय जिन्दा कारतूस जब्त किया है। आरोपी दीपक गुर्जर शहदपुर थाना क्षेत्र महवा का रहने वाला है। वह दौसा जिले के टॉप-10 में भी वांटेड चल रहा था। जिसे महुवा डिप्टी एसपी मनोहरलाल मीणा के सुपरविजन में पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। दीवार कूदकर हुआ फरार
एसपी सागर राणा ने बताया- डीएसपी कार्यालय के कॉन्स्टेबल बनेसिंह को सूचना मिली थी कि बदमाश दीपक रसीदपुर इलाके में घूम रहा है। टीम के पहुंचने पर बदमाश के नीमड़ी मोड से रसीदपुर को जाने वाले रोड की लोकेशन मिली। जहां पुलिस को देख वह दीवार कूदकर फरार हो गया। कॉन्स्टेबल पर ताना कट्टा
बदमाश का पीछा करने पर उसने कॉन्स्टेबल पर कट्टा तान दिया। लेकिन कॉन्स्टेबल ने जान की परवाह किए बिना उसे दबोच लिया। पुलिस ने बिना लाइसेंस के देसी कट्टा रखने एवं कॉन्स्टेबल पर फायर करने के उद्देश्य से अवैध देशी कट्टा व राजकार्य में बाधा समेत कई धाराओं में मण्डावर थाने में प्रकरण दर्ज कर आरोपी से पूछताछ में जुटी है।


