राजधानी के एक लॉज में रविवार की रात युवक की हत्या हो गई। बिलासपुर की रहने वाली 16 साल की नाबालिग लड़की ने अपने सोते हुए प्रेमी के गले में चाकू से 4-5 वार किए। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या करने के बाद उसने लॉज के कमरे को बाहर से लॉक किया और वापस अपने घर बिलासपुर चली गई। लड़की घर पहुंची तो उसकी मां ने कपड़े पर खून के धब्बे देखे। बार-बार पूछने पर लड़की ने मां को बताया कि उसने हत्या की है। घबराई मां ने बिलासपुर के कोनी थाने में इसकी सूचना दी। कोनी थाने की पुलिस ने गंज थाने की पुलिस से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची और होटल से शव बरामद कर लिया। गंज पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में भी ले लिया है। अभी उससे पूछताछ जारी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर कोनी थाना इलाके की रहने वाली नाबालिग लड़की शनिवार को मूलत: किशनगंज बिहार के रहने वाले अपने प्रेमी मोहम्मद सद्दाम से मिलने रायपुर आई थी। सद्दाम अभनपुर में रहकर एमएस इंजीनियरिंग वर्कशॉप में काम कर रहा था। दोनों ने स्टेशन के पास गली में स्थित एवोन लॉज में कमरा लिया। रविवार की सुबह दोनों ने लॉज से चेकआउट कर लिया था। लेकिन शाम को वापस लौटकर उसी लॉज में फिर से कमरा ले लिया। देर रात युवती ने सद्दाम पर चाकू से कई वार कर दिए। वार इतना जबरदस्त था कि सद्दाम की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या करने के बाद प्रेमिका लॉज के कमरे को लॉक कर सुबह 5.30-6 बजे के बीच की ट्रेन से बिलासपुर लौट गई। इस बीच उसने कमरे की चाबी रेलवे ट्रैक पर ही कहीं फेंक दी। सद्दाम चाकू लेकर पहुंचा था, लॉज के बाहर धमकाया भी पुलिस की पूछताछ में इस बात का भी खुलासा हुआ है कि सद्दाम अपने साथ चाकू लेकर आया था। नाबालिग ने जब उसे गर्भवती होेने की बात बताई थी तो उसने लॉज के बाहर उसी चाकू से उसे धमकाया भी था। इससे लड़की काफी डर गई थी। उसके गुस्से को शांत करने के लिए ही वो उसे लेकर शहर में घूमती रही। रात में मौका पाकर उसने उसी के चाकू से उसकी हत्या कर दी। खून के धब्बे देख घबराई मां बार-बार पूछती रही क्या हुआ? नाबालिग घर पहुंचने के बाद वो काफी परेशान थी। मां ने उससे बार-बार पूछा कि क्या हुआ? इसके बाद उसने अपनी मां को घटना की जानकारी दी। हत्या की बात सुनकर मां भी डर गई। बिलासपुर पुलिस से मिली सूचना के बाद गंज थाने की पुलिस ने लॉज में पहुंचकर डुप्लीकेट चाबी से कमरा खुलवाया। लॉज में युवक की लाश मिली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। नाबालिग के पास से उसका मोबाइल भी जब्त किया गया है। मृतक के परिजनों को उसके मोबाइल में दर्ज नंबर से सूचना दी गई है। घर वाले मंगलवार को रायपुर पहुंचेंगे। भास्कर इनसाइड नाबालिग गर्भवती थी, युवक ने बच्चा गिराने कहा, इसलिए मारा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नाबालिग लड़की और सद्दाम के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों अक्सर रायपुर में ही मिलते और किसी होटल या लॉज में ठहरते। शनिवार को भी उन्होंने मिलने का प्लान बताया। युवती बिलासपुर से ट्रेन से रायपुर आ गई। सद्दाम ने उसे स्टेशन से रिसीव लिया। दोनों स्टेशन के पास ही बन रहे एवोन लॉज में पहुंचे। शनिवार की रात ही लड़की ने बताया कि वो गर्भवती है। इस पर सद्दाम ने कहा कि वो अभी पढ़ाई कर रहा है। जब पढ़ाई पूरी नहीं हो जाती तब तक वो कुछ नहीं कर सकता। इसलिए वो लड़की पर बच्चा गिराने के लिए दबाव बनाता रहा। इसके बाद रविवार की सुबह दोनों ने लॉज छोड़ दिया। दोनों शाम तक रायपुर में ही घूमते रहे। शाम को फिर से उसी होटल में कमरा ले लिया। दोनों रात को सो गए। बच्चा गिराने की बात से नाराज लड़की ने युवक के गले में चाकू से लगातार 4-5 वार किए। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। देर रात हत्या से युवक की चीख भी किसी ने नहीं सुनी।


