पंजाब के लुधियाना में हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण कार्य पूरा हो गया। डिप्टी कमिश्नर (डीसी) हिमांशु जैन ने अलग अलग विभागों के अधिकारियों के साथ निर्माण कार्य का जायजा लिया। डीसी ने टर्मिनल बिल्डिंग, टैक्सी वे,ट्रॉली गेट, एप्रन ऑपरेशनल एरिया, पार्किंग सुविधाएं और अन्य आवश्यक विकास कार्यों का जायजा लिया
निरीक्षण के दौरान डीसी के साथ लोक निर्माण विभाग (PWD), जन स्वास्थ्य विभाग, पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL), एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI), नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI), ड्रेनेज विभाग और कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। डीसी सिविल एविएशन डिपार्टमेंट को लिखेंगे पत्र
एयरपोर्ट का जायजा लेने के बाद अफसरों ने डीसी को निर्माण कार्य पूरा होने की कंप्लीशन रिपोर्ट दी। डीसी ने कहा कि वो जल्दी ही सिविल एविएशन डिपार्टमेंट पंजाब को पत्र लिखेंगे ताकि डिपार्टमेंट के अधिकारी एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के साथ एयरपोर्ट को हैंडओवर की औपचारिकताएं पूरी कर सकें। उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियों और जिला प्रशासन के बीच समन्वय से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि एयरपोर्ट जल्द से जल्द चालू हो सके।
हलवारा एयरपोर्ट शुरू होने से खुलेंगे विकास के द्वार डीसी हिमांशु जैन ने कहा कि हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट इस क्षेत्र के लिए विकास का नया द्वार खोलेगा। इससे औद्योगिक विकास को गति मिलेगी, निर्यात को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने एयरपोर्ट को लुधियाना और आसपास के इलाकों की आर्थिक तरक्की के लिए मील का पत्थर बताया। लंबे समय से चल रहा था एयरपोर्ट का काम
हलवारा को इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने के लिए राज्य सरकार लंबे समय से काम कर रही थी। कैप्टन अमरिंदर सिंह जब मुख्यमंत्री थे जब इस प्रोजेक्ट की शुरुआत हुई। पहले प्रोजेक्ट फंड की कमी के कारण अटका रहा। उसके बाद डोमेस्टिक टर्मिनल बिल्डिंग के निर्माण को लेकर मामला फंसा रहा। बाद में राज्य सरकार ने डोमेस्टिक टर्मिनल बिल्डिंग बनाने का फैसला किया। वहीं एयरफोर्स स्टेशन के अंदर होने वाले कामों में भी देरी से यह प्रोजेक्ट लेट हुआ।
प्रधानमंत्री से उद्घाटन करने की रही चर्चाएं
पिछले माह पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने प्रेस कांफ्रेंस करके कहा था कि एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करने जा रहे हैं। इसके लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां कर दी थी। ऐन मौके पर पता चला कि प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से ऐसा कोई शेड्यूल नहीं आया था।


