सतना में हुई बुजुर्ग की हत्या उसके बुजुर्ग पड़ोसी ने ही अपने बेटे और नाती के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने बुजुर्ग बाबा और उसके नाती को इस मामले में गिरफ्तार भी कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। पूरा मामला पन्ना जिले की सीमा से सटे सतना के जसो थाना क्षेत्र के ग्राम रिछुल के मझरा टोला का है। यहां बुधवार दोपहर हुई सहइयां चौधरी (63) हत्या की गुत्थी जसो पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी तेजइयां चौधरी पिता जंगी चौधरी (65) व उसके नाती आनंद उर्फ नंद कुमार वर्मा पिता कमलेश वर्मा (22) निवासी मझरा रिछुल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका बेटा कमलेश वर्मा अभी फरार है। जमीन विवाद में कुल्हाड़ी मारकर की थी हत्या जसो थाना प्रभारी रोहित यादव ने बताया कि मृतक सहइयां और आरोपी तेजइयां पड़ोसी हैं और उनकी जमीन आपस में लगी हुई हैं। आरोपी ने अपनी बाड़ बढ़ाकर मृतक सहइयां की जमीन तक लगा दी थी, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। बुधवार को आरोपी उसी बाड़ी की सफाई करने और वहां गेंदा लगाने का प्रयास कर रहा थाम सहइयां ने उसे हमेशा की तरह रोका तो विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान कुल्हाड़ी मार कर वृद्ध की हत्या कर दी गई। ग्रामीणों ने तेजइयां को कुल्हाड़ी लिए देखा भी था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस वारदात को आरोपी तेजइयां ने अपने बेटे कमलेश और नाती आनंद के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल्हाड़ी जब्त कर ली है, जबकि तीसरे की तलाश की जा रही है।


