बठिंडा में वीरवार रात दो बाइक सवार युवकों ने पिस्तौल दिखाकर लूटपाट की। पहले ट्रांसपोर्ट नगर के एक व्यक्ति से मोबाइल फोन, नकदी और सोने का कड़ा छीना। फिर गणेशा बस्ती में एक किराना दुकान में घुस गए। यहां दंपती ने हिम्मत दिखाते हुए एक युवक को पकड़ लिया और उसे जमकर पीटा। इस बीच, वहां और लोग भी आ गए और युवक से पिस्तौल छीन लिया। सूचना मिलने पर वहां पुलिस पहुंची तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने वहां पुलिस को जमकर खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने ने कहा कि आए दिन शहर में युवक लूटपाट करते हैं। पुलिस इन्हें रोकती नहीं है। लोगों ने पुलिस की गाड़ी का कुद देर तक घेराव किए रखा। तभी एसपी सिटी नरेंद्र सिंह वहां आए। लोगों ने पहले यह कहते हुए शिकायत देने से ही मना कर दिया कि पुलिस ने इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी नहीं है। ये युवक फिर आकर उन्हें मारेंगे। तब एसपी ने उन्हें भरोसा दिया कि पुलिस आपके साथ है। पिस्तौल दिखाकर युवक को रोका दीपक सिंगला ने कहा कि मैं अपने स्कूटर से होमलैंड कॉलोनी से आदर्श कॉलोनी में सब्जी लेने जा रहा था। रात करीब 8:15 बजे बाइक पर दो युवक आए और पिस्तौल दिखाकर मुझे रुकने को कहा। मैंने आदर्श कॉलोनी की ओर स्कूटर दौड़ाया। दोनों बाइक सवार युवकों ने पीछा करते हुए मुझे ट्रांसपोर्ट नगर के पास रुकवा लिया। फिर पिस्टल दिखाकर मेरा मोबाइल फोन, 1500 रुपए नकदी व सोने का कड़ा उतरवा लिया इसके बाद दोनों युवक पेट्रोल पंप पर गए। वहां मेरा मोबाइल नहीं खुला तो दोनों युवक वापस मेरे पास आए। तब एक ने दूसरे युवक से कहा कि इसने गलत पासवर्ड दिया है। इसे गोली मार दो। मैं घबरा गया। तभी और लोग वहां आए तो दोनों वहां से भाग गए। फिर मैंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। दंपती ने पकड़कर किया पुलिस के हमला केवल कृष्ण गर्ग उर्फ भोला ने कहा कि मेरी किराना दुकान है। रात करीब 9 बजे का समय था। मैं और मेरी पत्नी सोनिया गर्ग दुकान पर बैठे थे। तभी दो युवक मोटरसाइकिल पर आए और गजक मांगी। मैंने पूछा- कितनी गजक दूं, तो उन्होंने पिस्तौल निकालकर मेरी ओर तान दिया। फिर मुझे धमकाया कि गल्ले में जितने भी रुपए हैं, सब हमें दे दो…नहीं तो गोली मार देंगे। मैंने पहले तो उन्हें कहा कि हमारी छोटी सी दुकान है। हमारे पास देने को क्या है? तभी मैंने और पत्नी ने हिम्मत जुटाते हुए पिस्तौल पकड़े हुए युवक को पकड़ लिया और उसे पीटना शुरू कर दिया। इस बीच, शोर सुनकर वहां और लोग भी आ गए और उन्होंने भी युवक को पीटा। कुछ देर में पुलिस आई तो युवक को पुलिस को सौंप दिया।


