प्रतापगढ़| धमोत्तर थाना क्षेत्र के सागमगरी गांव में पुलिसकर्मियों द्वारा कथित रूप से ग्रामीणों के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने मिनी सचिवालय पहुंचकर कलेक्टर डॉ. अंजली राजोरिया को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीण जीवराज मीणा ने बताया कि वह और गांव के अन्य लोग, जिनमें मोहन मीणा, सत्यनारायण समेत कुल 9 व्यक्ति शामिल थे, 26 दिसंबर को भैरू बावजी के स्थान पर पूजा-पाठ कर अलाव ताप रहे थे। इसी दौरान धमोत्तर थाने, बारावरदा चौकी के पुलिसकर्मी बाइक और जीप लेकर वहां पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिसकर्मी भंवर सिंह, प्रेमचंद, अन्य ने बिना किसी कारण गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। ग्रामीणों ने इसका कारण पूछा तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें जबरन वाहन में बिठाकर थाने ले जाकर रातभर हवालात में बंद रखा। ग्रामीणों ने कहा कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की और उन्हें धमकी दी कि अगर उन्होंने किसी से शिकायत की तो जान से मार दिया जाएगा। पुलिस ने भी आरोप लगाया कि ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों के पैसे खा लिए हैं।


