मकर संक्राति को अभी 13 दिन शेष है लेकिन चायना मांझे से हादसे नहीं रुक रहे हैं। अब इंदौर रोड पर बीमा अभिकर्ता चायना मांझे से घायल हो गए, उनका होंठ कट गया व छह टांके आए। एक महीने के भीतर इस खतरनाक मांझे से चौथा हादसा है। शिक्षक, छात्र व ग्रामीण के बाद बीमा अभिकर्ता की भी जान पर बन आई थी, क्योंकि चायना मांझे पर सख्ती से रोक के लिए इस साल भी कोई कदम नहीं उठाया गया, जबकि साल 2022 में फ्रीगंज के जीरो पाइंट ब्रिज पर इसी खतरनाक मांझे की वजह से छात्रा नेहा आंजना की जान तक जा चुकी है। नईपेठ निवासी बीमा एजेंट हेमंत कश्यप सोमवार को इंदौर रोड महामृत्युंजय द्वार अथर्व कॉलोनी के पास हादसे का शिकार हो गए। चायना मांझे के साथ पतंग उनके चेहरे पर लगी, जिससे चेहरे पर रगड़ लगी व होंठ कट गया। कश्यप ने बताया कि मुझे होंठ पर छह टांके आए व हाथ से मांझा नहीं रोकता तो गला कट सकता था। हर साल हादसे होते हैं। प्रशासन चायना मांझा बेचने व उड़ाने वालों पर सख्ती से कार्रवाई करें, नहीं तो लोग इसी तरह हादसे का शिकार होते रहेंगे। चायना मांझे के ये दो बड़े हॉट स्पॉट बेगमबाग हरिफाटक पुल पर चायना मांझे की वजह से आए दिन हादसे होते हैं। मकर संक्रांति के समय यहां चायना मांझे से खूब पतंगें उड़ती, जिससे श्रद्धालु भी हादसे के शिकार हो चुके हैं। इसी तरह फ्रीगंज जीरो पाइंट ब्रिज दूसरा हाॅट स्पाॅट है, यहां भी बिनोद मिल क्षेत्र व राज राॅयल, छोटी मायापुरी से उड़ने वाली पतंगों में चायना मांझा उपयोग हो रहा है। 11 दिन में ये तीन लोग चायना मांझे से घायल हुए चिमनगंज थाना क्षेत्र निवासी शिक्षा विभाग में पदस्थ प्रहलाद मोदे 20 दिसंबर को जीरो पाइंट ब्रिज से ड्यूटी पर जा रहे थे। इस दौरान चायना मांझे से उनका गला कट गया व आठ टांके आए। इसी तरह महाकाल क्षेत्र में जवासिया कुमार गांव निवासी अर्पित मालवीय मांझे से घायल हुआ। त्रिवेणी विहार निवासी एमबीए छात्र शशांक राठौर भी पिछले दिनों इंदौर रोड पर उक्त मांझे से घायल हो गया था। सख्ती से रोक लगाएंगे चायना मांझे को लेकर सख्ती से रोक लगाएंगे व कार्रवाई होगी। हरिफाटक व जीरो पाइंट ब्रिज पर सुरक्षा इंतजामों के लिए नगर निगम को अलर्ट कर दिया है।
– नीरजकुमार सिंह , कलेक्टर बेचने वाले जेल जाएंगे चायना मांझा अगर चोरी छिपे भी कोई बेच रहा है तो उन्हें जेल भिजवाएंगे। सर्चिंग के निर्देश दे दिए हैं। चायना मांझे से पतंग उड़ाने वालों पर भी कार्रवाई होगी।
– प्रदीप शर्मा, एसपी। इधर चायना डोर के 9 गट्टे बेचने के लिए खड़ा था युवक, घेराबंदी कर पकड़ा प्रतिबंधित चायना डोर बेचने की फिराक में खड़े एक युवक को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से प्रतिबंधित चायना डोर के 9 गट्टे बरामद कर प्रकरण दर्ज किया है। नीलगंगा थाना पुलिस ने बताया मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरिफाटक ब्रिज के पास एक युवक प्रतिबंधित चायना डोर बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस की टीम सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात हरिफाटक ब्रिज के पास पहुंची, जहां एक युवक संदिग्ध अवस्था में सफेद रंग की एक बोरी लिए हुए खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देख आरोपी ने भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। युवक ने अपना नाम गगन पिता योगेश हारोड़ निवासी कब्रिस्तान के सामने नीलगंगा चौराहा बताया। पुलिस ने उसके पास मिली सफेद रंग की बोरी को खोला तो उसमें प्रतिबंधित चायना डोर के 9 गट्टे मिले। नीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरील ने बताया आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 223 के तहत प्रकरण दर्ज कर प्रतिबंधित चायना डोर के 9 गट्टे बरामद किए गए हैं। आरोपी गगन चायना डोर कहां से लेकर आया, इसकी पुलिस जांच कर रही है। इधर, चिमनगंज थाना पुलिस ने भी सम्राटनगर निवासी अब्दुल्ला पिता अब्दुल बारी को उसके घर के सामने से प्रतिबंधित चायना डोर के एक गट्टे के साथ पकड़ा। पुलिस ने आरोपी अब्दुल्ला के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।


