नव वर्ष को लेकर श्री महाकालेश्वर मंदिर और हरसिद्धि माता मंदिर का पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मंदिरों में दर्शन कर पूजा-अर्चना की और जिले में शांति, सुरक्षा और समृद्धि की कामना की। पुलिस अधीक्षक शर्मा ने महाकाल मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और यह सुनिश्चित किया कि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को अधिकतम 40 मिनट में दर्शन की सुविधा प्रदान की जाए। उन्होंने मंदिर प्रबंधन और पुलिस बल को निर्देशित किया कि दर्शन व्यवस्था सुचारू और अनुशासित रहे। इसके अलावा एसपी शर्मा ने हरसिद्धि माता मंदिर का भी दौरा किया और वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सभी तैनात फोर्स को ब्रीफ किया और निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। ट्रैफिक व्यवस्था पर जोर देते हुए एसपी शर्मा ने ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिया कि मंदिर क्षेत्र और आसपास की सड़कों पर यातायात को सुगम बनाया जाए। पार्किंग की उचित व्यवस्था के साथ भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष उपाय सुनिश्चित किए गए हैं। उन्होंने पुलिस बल से अपील की कि वे हर परिस्थिति में सतर्क और जनसेवा के प्रति समर्पित रहें। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की गई हैं। पुलिस अधीक्षक शर्मा ने कहा उज्जैन जिले में नव वर्ष के दौरान सभी श्रद्धालुओं और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।


