नदी में फंसे दोनों मजदूरों को SDRF ने किया रेस्क्यू:बचाने गए युवक की डूबने से मौत; पूरी रात ट्रैक्टर पर खड़े होकर जान बचाई

दमोह जिले के पटेरा थाना क्षेत्र में ब्यारमा नदी में बुधवार रात अचानक आई बाढ़ के कारण दो मजदूर ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित फंस गए। उन्हें गुरुवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि, रात में इन मजदूरों को बचाने गए एक स्थानीय युवक गुड्डू यादव की नदी में डूबने से मौत हो गई। कुम्हारी इलाके में मजदूरों को छोड़कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस आ रहे विनोद रैकवार और जानकी आदिवासी नामक दो मजदूर चीलघाट गांव के पास ब्यारमा नदी के बीच में फंस गए। नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बहाव तेज हो गया और वे पूरी रात ट्रैक्टर पर खड़े होकर मदद का इंतजार करते रहे। मजदूरों को बचाने में युवक की गई जान रात में ही स्थानीय युवक गुड्डू यादव ने इन फंसे हुए मजदूरों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह नदी के तेज बहाव में बह गया। गांव के लोगों ने उसे नदी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुमारी थाना प्रभारी बृजेश पांडे ने बताया कि उन्हें रात करीब 3 बजे नदी के बीच दो युवकों के ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित फंसे होने की सूचना मिली थी। रात में तेज बहाव के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन संभव नहीं था। एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई, जिसने गुरुवार सुबह अंधेरा छंटते ही दोनों मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला। बचाए गए मजदूरों विनोद रैकवार और जानकी आदिवासी ने बताया कि जाते समय नदी का जलस्तर सामान्य था। लौटते समय जैसे ही वे नदी के बीच पहुंचे, अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और वे ट्रैक्टर सहित घिर गए। उन्होंने बताया कि गनीमत रही कि ट्रैक्टर तेज बहाव में नहीं बहा और वे उस पर खड़े रहकर अपनी जान बचा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *