हरदा में विजयादशमी पर्व पर आज (गुरुवार) शाम नेहरू स्टेडियम में रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान यातायात को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए शाम 6 बजे से मार्ग परिवर्तित किए जाएंगे। यातायात पुलिस हरदा द्वारा नागरिकों की सुविधा के लिए यह डायवर्शन व्यवस्था लागू की जा रही है। यातायात थाना प्रभारी उमेश ठाकुर ने इसकी जानकारी दी। मार्ग परिवर्तन योजना के तहत, छिपानेर रोड से जिला अस्पताल की ओर जाने वाले वाहनों को छिपानेर चौक (दधीचि चौक) से खंडवा बायपास रोड स्थित हनुमान मंदिर की ओर मोड़ा जाएगा। इसी तरह, हरदा से छिपानेर की ओर जाने वाले वाहन जिला अस्पताल चौक से नई सब्जी मंडी होते हुए परशुराम तिराहा की ओर डायवर्ट किए जाएंगे। कार्यक्रम स्थल पर पार्किंग के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। दोपहिया वाहनों की पार्किंग नेहरू स्टेडियम के गेट नंबर 1 से गेट नंबर 2 के बीच खाली स्थान पर रहेगी। चारपहिया वाहनों के लिए उत्कृष्ट विद्यालय मैदान और पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में पार्किंग उपलब्ध होगी। वीआईपी पार्किंग नेहरू स्टेडियम के गेट नंबर 1 के सामने निर्धारित की गई है।


