नवरात्र की नवमी पर बुधवार की रात राजगढ़ जिले के खिलचीपुर नगर में परंपरागत बजरंग अखाड़े का चल समारोह निकला, जिसने पूरे शहर का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। खांडी बावड़ी स्थित हनुमान मंदिर से शुरू हुए इस जुलूस में अखाड़े के कलाकारों ने ऐसे करतब दिखाए कि लोगों की निगाहें थम गईं और तालियों की गड़गड़ाहट से वातावरण गूंज उठा। ढोल की थाप पर युवाओं ने लठ बाजी और तलवारबाजी दिखाई। वहीं सबसे रोमांचक दृश्य तब रहा जब कलाकारों ने जलते हुए मुद्गल को लहराया और बेखौफ अंदाज में उसे हवा में घुमाकर अपनी निपुणता दिखाई। हर करतब पर दर्शक दंग रह गए और कई बार तालियों से पूरा चौक गूंज उठा। चल समारोह का मार्ग बस स्टैंड से पुरानी नगर पालिका मार्ग, सुभाष चौक, सराफा बाजार व मुख्य बाजार होकर इमली स्टैंड और पुनः खांडी बावड़ी मंदिर तक रहा। सुभाष चौक पर किए गए करतबों को देखने के लिए भीड़ का खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर भगवान श्रीराम और वीर हनुमान की झांकियां भी शामिल रहीं, लेकिन पूरे समारोह का आकर्षण युवाओं की बहादुरी और कौशल से भरे करतब ही रहे। पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती के नेतृत्व में जगह-जगह पुलिस बल मौजूद रहा। देखिए तस्वीरें…


