अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसमें कहा गया है कि अगर कतर पर किसी भी तरह का हमला होता है तो अमेरिका उसकी रक्षा करेगा। आदेश में कहा गया है कि कतर पर हमला अमेरिका की शांति और सुरक्षा के लिए खतरा माना जाएगा। इसमें यह भी जोड़ा गया है कि हमले की स्थिति में अमेरिका सभी तरह के उपाय करने के लिए तैयार रहेगा, चाहे वो राजनयिक हों, आर्थिक हों या फिर जरूरत पड़ने पर सैन्य कार्रवाई ही क्यों न करनी पड़े। हाल ही में इजराइल ने दोहा में हमास आतंकियों को निशाना बनाकर हमला किया था, जिसमें 6 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद ट्रम्प पर कतर की सुरक्षा का दबाव बढ़ गया। इस फैसले से पहले ट्रम्प ने इजराइली पीएम नेतन्याहू से कतर के पीएम शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी को फोन कराकर माफी भी मंगवाई थी। 3 तस्वीरों में नेतन्याहू की माफी कतर ने ट्रम्प के फैसले की तारीफ की ट्रम्प के कार्यकारी आदेश पर दस्तखत करने के फैसले के बाद कतर के विदेश मंत्रालय ने इसे दोनों देशों के रक्षा संबंधों को मजबूत करने वाला कदम बताया। कतर के मशहूर चैनल अल-जजीरा ने इसे इजराइली हमले के बाद सुरक्षा की अमेरिकी गारंटी करार दिया। इससे पहले बुधवार को ट्रम्प ने कतर के शासक शेख तमीम बिन हमद अल थानी से भी फोन पर बातचीत भी की। हालांकि व्हाइट हाउस ने बातचीत की डिटेल शेयर नहीं की, लेकिन कतर ने कहा कि दोनों नेताओं ने गाजा युद्ध में सीजफायर की कोशिशों पर चर्चा की। सुरक्षा गारंटी के लिए संसद की मंजूरी जरूरी न्यूज एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक ट्रम्प के कतर को सुरक्षा गारंटी देने की अहमियत को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अमेरिका में आमतौर पर किसी भी रक्षा संधि को कानूनी रूप से मान्यता देने के लिए संसद की मंजूरी जरूरी होती है। हालांकि कई बार राष्ट्रपति खुद ही ऐसे समझौते कर लेते हैं, जैसे बराक ओबामा ने 2015 में ईरान के साथ परमाणु समझौता किया था। लेकिन अंत में सैन्य कार्रवाई करना या न करना पूरी तरह राष्ट्रपति के हाथ में होता है। यही वजह है कि ट्रम्प के इस आदेश को लेकर संदेह बना हुआ है, क्योंकि पहले भी उनके कार्यकाल में नाटो जैसे पुराने समझौतों की विश्वसनीयता पर सवाल उठ चुके हैं। —————————————- कतर से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… इजराइल-नेतन्याहू की 30 साल में 3 मुस्लिम देशों से माफी:कतर से पहले जॉर्डन ने किया था मजबूर, तुर्किये को मुआवजा भी दिया इजराइल के हमले में हमास के 5 अधिकारी समेत कतर सेना के एक सैनिक की मौत हो गई थी। कतर पर हमला ट्रम्प की असफलता माना गया। हमले के 5 दिन बाद ही दोहा में 50 से ज्यादा मुस्लिम देशों के नेता इकट्ठा हुए और इजराइली हमले की निंदा की। दबाव इतना बढ़ा कि 20 दिन बाद नेतन्याहू ने व्हाइट हाउस से कतर के PM को फोन कर माफी मांगी। पूरी खबर यहां पढ़ें…


