नागौर में अहिंसा के प्रणेता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर विभिन्न कार्यक्रम हुए। शहर के मुख्य गांधी चौक पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा हुई। प्रार्थना सभा में रामधन गाकर महात्मा गांधी को याद किया गया। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. ज्योति मिर्धा, किसान आयोग अध्यक्ष सीआर चौधरी, विधायक रेवंतराम डांगा, जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित, पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, भाजपा जिलाध्यक्ष रामधन पोटलिया, प्रशासक संघ अध्यक्ष जगदीश बीड़ियासर और भाजपा प्रदेश संयोजिका सरोज प्रजापत ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाकर नमन किया। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ ज्योति मिर्धा ने खादी भंडार से खरीददारी की और यूपीआई के जरिए पेमेंट किया। इसके बाद महात्मा गांधी की प्रतिमा को सूत की माला पहनाई। किसान आयोग अध्यक्ष सीआर चौधरी ने कहा कि महात्मा गांधी ने सबसे ज्यादा संघर्ष के दौर में अहिंसा के मार्ग को चुना, आज के युवाओं को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने महात्मा गांधी के दक्षिण अफ्रीका दौरे का संस्मरण सुनाते हुए बताया कि महात्मा गांधी विदेश में भी भारतीय संस्कृति को अपनाते हुए आगे बढ़ते रहे और उनकी इसी प्रतिभा का विदेशी भी लोहा मानते थे। जिला कलेक्ट्रेट में जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित, एडीएम चंपालाल जीनगर, जिला परिषद सीईओ रविंद्र कुमार ने महात्मा गांधी के स्टैच्यू पर फूलमाला पहनाई। नागौर जिला कांग्रेस कार्यालय में भी गांधी जयंती व शास्त्री जयंती मनाई गई। कांग्रेस जिला महासचिव दिलफराज खान ने बताया कि नागौर शहर कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारियों ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए उनके बताए सिद्धांतों पर चलने की शपथ ली। साथ ही वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान में ज्यादा से ज्यादा हिस्सा लेने का संकल्प लिया। जिला भाजपा कार्यालय में गांधी जयंती के अवसर पर सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ ज्योति मिर्धा ने झाड़ू लगाकर अभियान की शुरुआत की। किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष रामधन पोटलिया, भाजपा जिला महामंत्री पदम सारस्वत व मीडिया प्रभारी महावीर सांधू मौजूद रहे।


