मऊगंज थाना क्षेत्र के डगडौआ गांव के पास गुरुवार को एक सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी बाइक अचानक सड़क पर आए भैंसों के झुंड से टकरा गई। दोनों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल मऊगंज में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, बेल्हा नानकार, नईगढ़ी निवासी जितेंद्र साकेत और रिंकू साकेत मऊगंज से अपने गांव लौट रहे थे। सुबह लगभग 10 बजे जब वे डगडौआ गांव के पास पहुंचे, तो सड़क पर अचानक मवेशियों का झुंड आ गया। बाइक सवार युवक मवेशियों से टकराकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल मऊगंज पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि रिंकू साकेत के सिर और पैर में गंभीर चोटें हैं, जबकि जितेंद्र साकेत के सीने में चोट लगी है। दोनों घायलों का उपचार जारी है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और घायलों का हालचाल जाना। पुलिस ने इस सड़क हादसे के संबंध में जांच शुरू कर दी है।


