जयपुर में लघु उद्योग भारती की महिला इकाई की ओर से आयोजित स्वयंसिद्धा हस्तशिल्प प्रदर्शनी 2025 का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने किया। जवाहर कला केंद्र में उपमुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदेशभर से आए प्रतिभाशाली शिल्पकारों, कुटीर उद्योगों और महिला उद्यमियों द्वारा निर्मित स्वदेशी उत्पादों और कलाकृतियों की सराहना की। उन्होंने हस्त शिल्पकारों से संवाद भी किया और उनके प्रयासों को सराहा। दीया कुमारी ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में हमारी डबल इंजन की सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनकी आर्थिक भागीदारी बढ़ाने और लोकल हुनर को ग्लोबल पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘स्वदेशी से समृद्धि’ की दिशा में यह प्रदर्शनी एक सशक्त प्रयास है। सुमंगल दीपावली मेले का भी निरीक्षण किया
प्रदर्शनी में उन्होंने स्वदेशी उत्पाद खरीदकर डिजिटल माध्यम से (यूपीआई) भुगतान कर ‘डिजिटल इंडिया’ को भी बढ़ावा दिया। इसके साथ ही दीया कुमारी ने राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद की ओर से आयोजित सुमंगल दीपावली मेले का भी निरीक्षण किया। दुकानदारों से आत्मीय भाव के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि सभी का हुनर एक ही जगह दिख सके इसके लिए स्थायी रूप से जगह देने का प्रयास भी किया जाएगा ताकि इनको परेशान नहीं होना पड़ेगा।


