जालोर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गुरुवार को जिलेभर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम हुए। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित महात्मा गांधी स्मारक पर आयोजित मुख्य समारोह में राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे, पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह इंदोलिया, एएसपी मोटाराम गोदारा सहित अन्य अतिथियों ने गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। मुख्य सचेतक का संबोधन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्थान विधानसभा मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने कहा कि- अहिंसा, स्वदेशी और स्वच्छता के क्षेत्र में महात्मा गांधी का योगदान अद्वितीय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गत 11 वर्षों से स्वच्छ भारत अभियान ने देशभर में स्वच्छता के प्रति नई चेतना जगाई है। गर्ग ने आह्वान किया कि हम सबको दैनिक जीवन में स्वच्छता को अपनाना चाहिए और अपने आस-पास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सहभागिता निभानी चाहिए। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों से आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता और धैर्य से सुनने व उनका प्रभावी निस्तारण करने का आग्रह भी किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां समारोह में विवेकानंद आदर्श राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वालेरा की छात्राओं ने गांधीजी का प्रिय भजन वैष्णव जन तो तेने कहिये प्रस्तुत किया। महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यमिक विद्यालय शिवाजी नगर, जालोर की छात्राओं ने रघुपति राघव राजा राम और गांधीजी के जीवन–विचारों पर आधारित नृत्य–नाटिका प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर किया। शास्त्री प्रतिमा लगाने की घोषणा गर्ग ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कलेक्ट्रेट परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समीप ही पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। अधिकारी–कर्मचारी रहे मौजूद समारोह में जालोर तहसीलदार संजय बोहरा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक भगवानाराम चौधरी, नगर परिषद आयुक्त दिलीप माथुर, अतिरिक्त जिला शिक्षाधिकारी नरेन्द्र परिहार सहित जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी और नागरिक मौजूद रहे।


