सतना में मवेशी व्यापारियों से साढ़े नौ लाख रुपए लूटने वाले 5 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से आठ लाख सत्तर हजार नकद, पांच मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है। मामला 29 सितंबर की सुबह सतना के कारगिल ढाबा के पास से सामने आया था। फरियादी मोहम्मद नसीम (निवासी बड़ी हर्दी, रीवा) ने 1 अक्टूबर को कोलगवां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके मामा मकसूद सौदागर, जो भैंस खरीदने-बेचने का कारोबार करते हैं, 31 भैंसें बेचकर करीब 9 लाख 50 हजार रुपए नकद लेकर सतना लौटे थे। आखों में मिर्च पाउडर डालकर की लूट
बस का इंतजार करते समय एक काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों ने उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। इसके बाद नकदी से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। पुलिस ने वारदात की जानकारी मिलते ही जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से संदेही ट्रक ड्राइवर बाल्मीक साकेत और निखिल मलिक को हिरासत में लिया गया। उनसे सख्ती से पूछताछ करने पर लूट की पूरी साजिश का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि ट्रक ड्राइवर बाल्मीक साकेत ने ही अपने साथियों अंकित साकेत, सोहेल खान, निखिल मलिक और मोहम्मद इरफान के साथ मिलकर इस लूट की योजना बनाई थी। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।


