विजय दशमी पर्व पर गुरुवार को देवास रोड स्थित पुलिस लाइन में परंपरागत शस्त्र पूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर मां काली की पूजा और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन कर सभी प्रमुख हथियारों (एके-47, एसएलआर गन, थ्री-नॉट-थ्री गन, पिस्टल, रिवॉल्वर और इंसास) सहित पुलिस वाहनों का पूजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, एडीजी उमेश जोगा, एसपी प्रदीप शर्मा, कलेक्टर रौशन सिंह, सांसद अनिल फिरोजिया, महापौर मुकेश टटवाल, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, निगम सभापति कलावती यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री ने तलवार घुमाकर दिखाया करतब पूजन के बाद परंपरा अनुसार कद्दू काटकर बलि की प्रथा निभाई गई। इसी दौरान जिले के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल ने अलग ही अंदाज में सबका ध्यान खींचा। कद्दू काटते समय उन्होंने तलवार लहराकर करतब दिखाए। मंत्री पूजा पंडाल में तलवार घुमाते हुए नजर आए, जिस पर उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। आरआई रणजीत सिंह ने बताया कि इस बार कार्यक्रम में हवाई फायर नहीं किए गए। शस्त्र पूजन के साथ विजय दशमी का यह पारंपरिक आयोजन शांति और उत्साह के बीच सम्पन्न हुआ।


