खिलचीपुर में विजयदशमी के अवसर पर गुरुवार को थाने में पारंपरिक शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और पुलिसकर्मी बड़ी संख्या में शामिल हुए। थाने के शस्त्रागार से सभी हथियारों को बाहर निकालकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। पंडितों के मंत्रोच्चार के साथ स्थानीय विधायक हजारीलाल दांगी ने पूजन की शुरुआत की। पूजन के दौरान केवल हथियारों का ही नहीं, बल्कि थाने परिसर में खड़े पुलिस वाहनों का भी विधिपूर्वक पूजन किया गया। यह परंपरा पुलिस में शौर्य, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक मानी जाती है। शस्त्र केवल युद्ध के लिए नहीं न्याय और शांति के लिए
विधायक हजारीलाल दांगी ने कहा कि शस्त्र केवल युद्ध के लिए नहीं, बल्कि न्याय और समाज में शांति बनाए रखने के लिए हैं। उन्होंने कहा कि शक्ति का प्रयोग हमेशा धर्म और जनकल्याण के लिए होना चाहिए। पूजन के अंत में सभी अधिकारियों ने देश की सुरक्षा और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। यह कार्यक्रम गरिमामय और श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर एसडीएम अंकिता जैन, तहसीलदार, एसडीओपी धर्मवीर सिंह नागर, टीआई उमाशंकर मुकाती, नगर परिषद अध्यक्ष राम जानकी मालाकार, उपाध्यक्ष शीतल शर्मा और भाजपा नेता बबलू सोंनी समेत कई अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


