पलारी में 40 फीट ऊंचे रावण का दहन:दहन से पहले रामलीला की प्रस्तुति, नपं अध्यक्ष बोले- यह अच्छाई की जीत का संदेश देती है

बलौदाबाजार के पलारी दशहरा मैदान में विजयादशमी का पर्व मनाया गया। इस दौरान 40 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। रावण दहन से पहले मनमोहक रामलीला और राम-रावण संवाद का मंचन हुआ, जिसने दर्शकों को भक्ति और शौर्य की अनुभूति कराई। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष गोपी साहू ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि रामलीला हमें बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देती है। उन्होंने भगवान राम के चरित्र को नैतिकता और धर्म का मार्गदर्शक बताया और पलारी की रामलीला को एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक विरासत बताया, जिसे भव्य रूप देना सभी का कर्तव्य है। सूर्यास्त के बाद अंधेरा छाते ही आकाश रंग-बिरंगी आतिशबाजी से जगमगा उठा। लगभग एक घंटे तक चले इस आतिशबाजी कार्यक्रम ने आसमान को इंद्रधनुषी रंगों से सजा दिया। फुलझड़ियों और पटाखों की गूंज आसपास के 4-5 किलोमीटर दूर तक के गांवों में सुनाई दी। इस भव्य दशहरा समारोह को देखने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ी थी। रामलीला मंडली की ओर से प्रस्तुत राम-रावण संवाद ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रामचरितमानस के पाठ और ढोल नगाड़ों की थाप पर हुए राम-रावण युद्ध ने पूरे मैदान में भक्ति और उत्साह का संगम प्रस्तुत किया। इस अवसर पर एसडीएम दीपक निकुंज, थाना प्रभारी हेमंत पटेल और पुलिस जवानों ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। समिति के सदस्यों ने भी व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *