शाजापुर जिले के निपानिया डैम के पास दो मोटरसाइकिल की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। मोहन बड़ोदिया थाना पुलिस के मुताबिक, हादसा गुरुवार रात करीब 9 बजे का है। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए मोहन बड़ोदिया अस्पताल भेजा गया। मोहन बड़ोदिया थाना प्रभारी पी.के. व्यास ने बताया कि इस दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हुई है, जिनकी पहचान रवींद्र पिता रमेशचंद्र गुर्जर (निवासी खरड़खेड़ी), युवराज पिता सुनील कंजर (निवासी निपानिया) और महेंद्र पिता बाबूसिंह राजपूत (निवासी कडुला) के रूप में हुई है। हादसे में घायल हुए दो अन्य व्यक्तियों का इलाज जारी है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। शुक्रवार सुबह पीएम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। दुर्घटना की खबर लगते ही मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया। परिजन रो-रोकर बदहवास हालत में अस्पताल परिसर पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


