भास्कर न्यूज | राजनांदगांव शारदीय नवरात्रि अवसर पर शहर की समाजसेवी महिलाओं की संस्था आराधना महिला मंडल द्वारा कस्तूरबा भवन में नवरात्र अष्टमी तिथि से दो दिवसीय रंगारंग गरबा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस भव्य गरबा महोत्सव की मुख्य अतिथि ग्राम बोरी की प्रिंसिपल अनिता सहारे थीं। उनके साथ मंडल की अध्यक्ष प्रभा बरडिया, सचिव पुष्पा अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अलका जानी, माहेश्वरी समाज की अमिता मूंदड़ा, जैन समाज की स्वर्णलता बरडिया, गुप्ता वैश्य समाज की प्रज्ञा गुप्ता, गुजराती समाज की रेखा लाल आदि महिलाओं ने मां दुर्गे अंबे की विधि विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद बड़ी संख्या में उपस्थित सभी समाज की महिलाओं द्वारा मातारानी की शान में रंगारंग गरबा महोत्सव मनाया गया। सहारे के साथ कस्तूरबा महिला मंडल व आराधना की संरक्षिका शारदा तिवारी व सरस्वती माहेश्वरी व अन्य महिलाओं ने जो गरबा महोत्सव में इंद्रधनुषी रंग भर दिया। मुख्य अतिथि सहारे ने मंडल के गरबा महोत्सव कार्यक्रम की सराहना की। कहा कि मंडल की समाज सेवी महिलाएं न केवल शहर अपितु ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों के गरीब बच्चों की ड्रेस व पुस्तक कॉपी आदि से सहायता करती हैं। आराधना की महिलाएं आगजनी की घटना पर पीड़ित परिवार वालों को कपड़े व घर- गृहस्थी के सामानों सहित आर्थिक रूप से सहायता करने में पीछे नहीं रही। उन्होंने आराधना की सेवा भावी महिलाओं के जज्बे को सलाम किया।


