शहर के 22 एकड़ दशहरा ग्राउंड में इस बार दशहरा का पर्व धूमधाम से मनाया गया। आयोजन श्री भारतीय सनातन महावीर दल की ओर से किया गया। महावीर दल के प्रधान सुभाष गर्ग बालाजी और प्रोजेक्ट अध्यक्ष एडवोकेट राजीव मित्तल ने बताया कि पूरे मेले का संचालन उनकी संस्था ने संभाला। कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। डीएसपी सिटी सतवीर सिंह ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस कर्मियों को जगह-जगह तैनात किया गया था। इसके अलावा, सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी मौजूद रहे। वीआईपी के लिए अलग गैलरी और गेट बनाए गए थे ताकि उनके लिए सुरक्षित मार्ग उपलब्ध हो सके। समाजसेवी संस्थाओं के वालंटियर भी पुलिस के साथ मिलकर व्यवस्था संभालते नजर आए। मेले में पहुंचे लोगों के लिए झूले, खाने-पीने की स्टॉल और झांकियों की व्यवस्था की गई थी, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय हो गया। बच्चे और बड़े सभी झूलों और स्टॉल का आनंद लेते रहे। जब भगवान श्रीराम की पालकी मैदान में पहुंची तो पूरा वातावरण जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। इसके बाद भगवान श्रीराम ने परंपरा अनुसार तीर चलाकर रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया।पुतलों के दहन के साथ ही आसमान आतिशबाजी की रोशनी से जगमगा उठा और दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। इस मौके पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे। दशहरा मैदान में उमड़ी भीड़ और शानदार आतिशबाजी ने इस बार के त्योहार को और खास बना दिया।


