विंटर शिड्यूल:7 शहरों के लिए 29 उड़ानें, पुणे भी जुड़ेगा, अहमदाबाद-भोपाल फिर डिस्कनेक्ट

डबोक एयरपोर्ट पर 26 अक्टूबर से विंटर शिड्यूल लागू होगा। नए शिड्यूल में उदयपुर से देश के 7 बड़े शहरों- दिल्ली, मुंबई, पुणे, जयपुर, बेंगलुरू, हैदराबाद और इंदौर के लिए रोजाना 29 फ्लाइटें चलेंगी। मुंबई के लिए पहली बार 11 उड़ानें दी गई हैं। इसके बाद दिल्ली के लिए सर्वाधिक 9 फ्लाइटें उड़ेंगी। इस बार अहमदाबाद व भोपाल की फ्लाइट छीन ली गई है। इनकी जगह पुणे को जोड़ा गया है। उदयपुर का अहमदाबाद से व्यापारिक, सामाजिक, शैक्षणिक गहरा संबंध है। उदयपुर से सबसे नजदीकी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी अहमदाबाद ही है, इसलिए यह फ्लाइट बेहद अहम थी। अब जयपुर के लिए सुबह-शाम रोजाना और रविवार को अतिरिक्त सहित कुल 3 उड़ानें उपलब्ध रहेंगी। बेंगलुरू के लिए पहली बार सुबह और शाम की 2 फ्लाइटें शुरू होंगी। पुणे के लिए भी वर्षों से लंबित सीधी कनेक्टिविटी की मांग पूरी हुई है। हैदराबाद के लिए रोज एक और इंदौर के लिए सप्ताह में 4 उड़ानें होंगी। नए शिड्यूल से पर्यटन, व्यापार, शिक्षा, आईटी और स्वास्थ्य सेवाओं को सीधा लाभ मिलेगा। उदयपुर देश के मेट्रो शहरों से और अधिक करीब आ जाएगा। बता दें कि समर शिड्यूल में उदयपुर से दिल्ली, मुंबई, जयपुर, बेंगलुरू, हैदराबाद, अहमदाबाद व इंदौर के लिए 16 फ्लाइट संचालित हैं। पिछले साल विंटर शिड्यूल में उदयपुर से 8 शहरों के लिए 26 उड़ानें संचालित हुई थीं। पुणे की उड़ान से पर्यटन-वशिक्षा-स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े लोगों को फायदा उदयपुर-पुणे फ्लाइट शुरू होने से उदयपुर को कई तरह के फायदे होंगे। खासकर पर्यटन, व्यापार और शिक्षा-स्वास्थ्य सेवाओं के लिहाज से सीधा फायदा होगा। पुणे आईटी हब और बड़ा शहरी केंद्र है, जहां से देश-विदेश के पर्यटक आते हैं। पर्यटक सीधी उड़ान से आसानी से उदयपुर आ-जा सकेंगे। उदयपुर का हैंडीक्राफ्ट, मार्बल, जेम्स-स्टोन व पर्यटन उद्योग पुणे और महाराष्ट्र के मार्केट तक जल्दी पहुंच पाएगा। उद्यमियों और कारोबारियों को तेज कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे समय और खर्च दोनों बचेंगे। पुणे शिक्षा का बड़ा केंद्र है, जहां बड़ी संख्या में मेवाड़ सहित राजस्थान के छात्र पढ़ते हैं। सीधी फ्लाइट से उनका उदयपुर आना-जाना आसान होगा। पुणे में बड़े अस्पताल और मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं हैं। उदयपुर के मरीजों और उनके परिजनों के लिए तेज़ कनेक्शन उपलब्ध होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *