भीलवाड़ा | शहर में सीवरेज निर्माण कार्य के चलते ठेकेदार की लापरवाही से सड़कों की हालत बिगड़ती जा रही है। यूआईटी ने गुरुवार को नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत शीघ्र करवाने के लिए कहा। पत्र में बताया कि निगम की ओर से यूआईटी के जोन-2 में पुराना आरटीओ रोड, मालोला रोड, मिर्च मंडी से पुर रोड, अनुकम्पा से पुर रोड, पांसल चौराहा से शारदा चौराहा होते हुए रेलवे ट्रैक तक 100 फीट सड़क समेत कई क्षेत्रों में सीवरेज लाइन का काम किया है। इन क्षेत्रों में सीवरेज कार्य के दौरान सड़कों को खोदकर छोड़ा गया है, जिससे सड़कों की हालत जर्जर हो गई है और यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। नागरिकों को रोजाना आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवरेज कार्य के बाद सड़कों को पूर्व स्थिति में नहीं लाया जाना गंभीर लापरवाही है और इससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है।


