कैलेंडर वर्ष 2025 के आगमन और वर्ष 2024 की अंतिम रात 31 दिसंबर, मंगलवार को स्थानीय पुलिस की कार्रवाई से शराबियों, हुड़दंगियों और बाइक सवारों में हड़कंप मच गया। मंगलवार रात पुलिस प्रशासन, 31 दिसंबर के जश्न को लेकर पूरी तरह सजग रहा। एल्कोहल मीटर से संदिग्ध चालकों की हुई जांच थाना प्रभारी गिरवर सिंह जलोदिया के नेतृत्व में दल-बल के साथ स्थानीय बस स्टैंड पर रात 10 बजे से बैरिकेड्स लगाकर हुड़दंग मचाने वालों, शराब पीकर वाहन चलाने, बाइक पर तीन सवारी बैठाने और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों की जांच की गई। संदिग्ध व्यक्तियों की एल्कोहल मशीन से जांच भी की गई, जिससे माहौल में हड़कंप मच गया। पुलिस की यह कार्रवाई देर रात तक जारी रही। तीन सवारी वालों के खिलाफ भी की गई कार्रवाई पुलिस की सक्रियता के कारण कई बाइक सवार रास्ता बदलकर जाते दिखे, तो कुछ आधे रास्ते से ही वापस लौटने को मजबूर हुए। पुलिस ने तीन सवारी और बिना हेलमेट लगाए वाहन चालकों के चालान काटे, जबकि कई लोगों को समझाइश देकर छोड़ भी दिया। कई बाइक सवारों की एल्कोहल मीटर से जांच की गई और संदिग्ध अवस्था में पाए गए लोगों को मेडिकल जांच के लिए सिविल अस्पताल भी भेजा गया। टीआई गिरवर सिंह जलोदिया ने बताया कि 31 दिसंबर और नववर्ष के अवसर पर कुछ नवयुवक और शराब पीकर वाहन चलाने वाले तत्व घटनाओं और दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं। इसकी रोकथाम और कार्रवाई के लिए यह जांच अभियान चलाया गया। कुछ संदिग्ध युवाओं को मेडिकल जांच के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया। शराबियों पर नजर रखने के लिए पूरी रात गश्त पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रात 12:30 बजे तक कुल छह लोगों पर चालानी कार्रवाई की गई। इनमें शराब पीकर वाहन चलाने वाले तीन व्यक्तियों पर 185 मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहन जब्त किए गए। वहीं, तीन सवारी के दो और बिना हेलमेट के एक व्यक्ति पर भी चालानी कार्रवाई की गई।


