पंजाब पुलिस की खुफिया शाखा ने वीरवार को दशहरा की रात्रि पाकिस्तान से भेजे गए चार ग्रेनेड सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपितों में गुरदासपुर जिले के बटाला का रहने वाला धर्मेंद्र भी शामिल है जो कि सेना में कमांडो रह चुका है। धर्मेंद्र किसी मामले में चार साल तक जेल में रह चुका है और हाल ही में जमानत या पैरोल पर जेल से आया है। उक्त धरपकड़ और बरामदगी के बारे में अभी पुलिस अधिकारी कुछ नहीं बता रहे। पुलिस के आला अधिकारी आज शुक्रवार को इस संबंध में बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं।
त्योहार पर हमले की थी साजिश यह भी पता चला है कि पंजाब पुलिस का यह आपरेशन अमृतसर सेक्टर के सीमांत इलाके में जारी है। बताया जा रहा हैं कि पुलिस को आरोपितों से ग्रेनेड के अलावा आइईडी और हथियार बरामद होने की संभावना है। पुलिस तीनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है। आशंका है कि यह हथियार आगे सप्लाई किए जाने थे और दीपावली से पहले बड़ी वारदात को अंजाम दिया जाना था। ISI और बब्बर खालसा से जुड़ाव इसके लिए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआई और आतंकी संगठन बब्बर खालसा के हरविंदर रिंदा ने अपने आतंकियों को टारगेट देना था। पुलिस पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों को कहां-कहां इस्तेमाल किया जाना था।


